रविवार सुबह से 162 यात्रियों के साथ लापता हुए एयर एशिया विमान को तीन दिन के सघन तलाशी अभियान के बाद मंगलवार को खोज निकाला है। मगर उसका मलबा और शव देखे गए हैं। विमान का मलबा और कुछ शव आज इंडोनेशिया के जावा से सटे समुद्री इलाके में देखा गया। यह जगह वहां से नजदीक है, जहां पर विमान का संपर्क टूट गया था।
इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के हवाई परिवहन के कार्यवाहक महानिदेशक दजोको मुर्जातमोदजो ने बताया कि अभी के लिए पुष्टि की जा सकती है कि यह एयर एशिया का विमान है। उन्होंने कहा कि मध्य कलिमंतन के पंगकलां बन में जो मलबा मिला है वह एयर एशिया के विमान क्यूजैड 8501 का है। परिवहन मंत्री जल्द ही पंगकलां बन के लिए रवाना हो रहे हैं। जोको ने कहा, पुष्टि की जाती है कि यह मलबा लाल और सफेद रंग के विमान का है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय की बचाव टीम को यह मलबा मिला।
उन्होंने कहा, अब बसरनास (राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी) के साथ तालमेल से मलबा मिलने वाली जगह पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एयर एशिया के लापता विमान की खोज में जुटे दल ने जावा समुद्र में तैरती हुई कई लाशों को निकाला है। ये लाशें उसी स्थान पर दिखाई दी थीं जहां लापता होने से पहले आखिरी बार विमान की लोकेशन थी। स्थानीय टीवी रिपोर्ट की फुटेज में एक पानी से फूली हुई लाश तैरती हुई दिखाई गई है।
यह पहले से ही समझा जा रहा था कि कुल 162 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित लापता यह विमान जावा समुद्र में समा गया है। रविवार से ही इसकी खोज जारी थी। इंडोनेशिया की नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख बामबांग सोयलिस्तयो ने बताया कि वायुसेना के एक विमान ने समुद्र में एक जगह छाया जैसा कुछ देखा जिसके बारे में माना जा रहा है कि यह विमान का मलबा है। उन्होंने कहा कि 12 बजकर 50 मिनट पर वायुसेना विमान को समुद्र की गहराई में विमान के रूप में छाया जैसा कुछ नजर आया। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बताया कि लापता विमान को अंतिम बार जिस क्षेत्र में देखा गया था, ठीक उसी के नीचे जल क्षेत्र में उन्होंने पानी पर उतराते कई शव बरामद किए। राष्ट्रीय खोज और बचाव निदेशक एसबी सुप्रियादी ने पंगकलां बन में बताया कि शव समुद्र में बह रहे थे और उसे इंडोनेशिया की नौसेना के जहाज पर लाया गया। नौसेना प्रवक्ता मानाहन सिमोरंगकिर ने एक टीवी चैनल से मलबा और शव मिलने के बारे में पुष्टि की। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी के प्रवक्ता एम यूसुफ लतीफ ने बताया कि तलाश के दौरान इंडोनेशिया वायु सेना के गश्ती विमान को सबसे पहले मलबा दिखा।
मध्य कलिमंतन के पंगकलां बन के दक्षिण पश्चिम में एयर एशिया विमान का मलबा नजर आया था। यूसुफ ने कहा कि अनुमान के मुताबिक मलबा 10 बजकर 15 मिनट (स्थानीय समयानुसार) पर मिला। मलबा के स्थान के बारे में पंगकलां बन में दो मछुआरों की ओर से दी गई सूचना ठीक पाई गयी। उन्होंने कहा था कि रविवार की सुबह उन्होंने धमाके की आवाज सुनी थी। पता चलने के बाद इंडोनेशियाई एजेंसी ने तुरंत ही उस स्थान के लिए एक हेलिकॉप्टर रवाना किया। यूसुफ ने कहा कि हमने बसरनास टीम के दो सदस्यों को मलबा निकालने का आदेश दिया है।
source: http://goo.gl/JnHiGz






0 comments:
Post a Comment