डीरेका एक ऐसा इंजन बना चुका है जो कोहरे में भी पूरी रफ्तार से दौड़ सकेगा। 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस डुअल कैब (इंजन के दोनों ओर पायलट के बैठने की व्यवस्था) डब्ल्यूडीपी4डी इंजन में सामने की ओर डी-फॉगर ग्लास लगाए गए हैं, जिस पर कोहरे का कोई असर नहीं होगा। यही नहीं, इंजन में पहली बार एडवांस कंप्यूटराइज्ड ब्रेक सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है, जिसको कमांड देना आसान होगा।
यह सिस्टम किसी भी तकनीकी गड़बड़ी होने की स्थिति में तत्काल पायलट को इसकी जानकारी दे देगा। यह सिस्टम रेलवे कंट्रोल के सर्वर से जुड़ा होगा। जहां से चालक को गाइड लाइन मिलती रहेगी।
इस सवारी गाड़ी इंजन में एसी के साथ-साथ ब्लोवर भी लगा होगा। हालांकि इस कांसेप्ट की घोषणा पहले भी हुई थी लेकिन यह पहला ऐसा इंजन होगा जिसमें एसी और ब्लोवर दोनों लगे होंगे। पायलट की सीट आटो एडजस्टेबल होगी। जो चालक की सुविधानुसार ऊपर-नीचे, आगे-पीछे होने के साथ ही चारों तरफ घूम सकेगी। इसके अलावा, इंजन कंट्रोल कंसोल का भी अलग अनुभव होगा। स्पीड, ईंधन और इंजन की अन्य तकनीकी पहलुओं का डेटा सब डिजिटलाइज तरीके से अलग-अलग स्क्रीन पर दिखेगा। इसके अलावा, संचालन में आसानी के लिए इंजन में टीएफटी मॉनीटर भी लगा होगा।
डीरेका के अधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस इंजन के लोकार्पण के साथ ही डीरेका की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की आधारशिला भी रखेंगे। इसके तहत डीरेका की वतर्मान डीजल इंजन उत्पादन क्षमता 200 से बढ़ाकर 250 की जानी है।
इसके लिए तकनीकी विकास, संसाधन स्थापित करने का काम रेल विकास निगम करेगा। प्रथम फेज पर 236 करोड़ रुपए खर्च होंगे। क्षमता विकास का यह कार्य पूरी तरह से अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित होगा ताकि श्रम, समय और धन तीनों की बचत हो सके।
डीरेका स्टेडियम के विस्तारीकरण की पीएम रखेंगे आधारशिला
डीरेका के खेल मैदान का कायाकल्प की तैयारी है। मैदान के साथ ही यहां खेल सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। मैदान को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिहाज से विकसित किया जाएगा। दर्शक दीर्घा के साथ ही मैदान का आउटफिल्ड भी अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुरूप बनाया जाएगा। साथ ही परिसर में प्रस्तावित मल्टी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के काम में भी जल्द तेजी आएगी। 25 दिसंबर को डीरेका आ रहे पीएम अपने हाथों से स्टेडियम के विस्तारीकरण की आधारशिला रखेंगे। यहां एक स्टेडियम केवल क्रिकेट मैचों के लिए तैयार किया जाएगा।
source: http://goo.gl/fpiYey






0 comments:
Post a Comment