राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और समाजवादी पार्टी के मुख्या मुलायम सिंह जल्द ही समधी बन सकते है। लालू की बेटी और मुलायम के पोते की शादी के जरिए दोनों परिवार और नजदीक आ सकते हैं। अभी हाल ही में संसद सत्र के शुरू होने से पहले मुलायम के घर पर जनता परिवार के सभी नेताओं की बैठक हुई थी और एनडीए सरकार के खिलाफ मोर्चा बनाने पर सहमति बनी थी। इस बैठक के बाद नीतीश कुमार ने यहां तक कह दिया था कि भविष्य में जनता परिवार से निकलीं सभी पार्टियों का विलय भी हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुलायम सिंह के पोते तेज प्रताप यादव और लालू यादव की बेटी राज लक्ष्मी की शादी तय हो गई है। तेज प्रताप हाल ही में यादव परिवार के गढ मैनपुरी से सांसद बने हैं। दोनों की सगाई दिसंबर में और शादी फरवरी में हो सकती है। मुलायम और लालू के बीच रिश्तेदारी हो जाने से दोनों को कडवी यादों को भुलाने में मदद मिलेगी। 1990 के दशक में पिछडों के नेतृत्व के सवाल पर दोनों अलग हुए थे। मुलायम ने इस बात पर सार्वजनिक रूप से दुख जताया था कि 1997 में संयुक्त मोर्चा की सरकार बनते समय लालू ने उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया था। कांग्रेस के दबाव में देवगौडा की विदाई के बाद मुलायम सिंह का पीएम बनना तय हो गया था, लेकिन लालू ने वीटो कर दिया और इंद्र कुमार गुजराल प्रधानमंत्री बन गए थे। अब दोनों के समधी बनने के कयासों के बीच राजनीतिक गलियारे में जनता पार्टी से निकली पार्टियों के महाविलय की भी चर्चा जोर पकड रही है।
source: http://goo.gl/5a0Bpv






0 comments:
Post a Comment